21 आकर्षक झांकियां बनीं आकर्षण का केन्द्र, झूलेलाल शोभायात्रा ने मानसरोवर को बनाया उत्सवधाम
– नाचते-गाते श्रद्धालु, सिंधी संस्कृति की दिखी शानदार झलक
जयपुर – आशा पटेल
मानसरोवर में सिंधी समाज के आराध्य भगवान झूलेलाल के जन्मोत्सव चेटीचंड पर भव्य शोभायात्रा निकाली गई। वरुण पथ स्थित झूलेलाल मंदिर से निकाली गई शोभायात्रा में सिंधी संस्कृति की शानदार झलक देखने को मिली। शोभायात्रा का दादा सुन्दर दास ठाकुर ने ज्योति प्रज्जवलन कर शुभारंभ किया। 21 आकर्षक और सजीव झांकियों ने सभी लोगों का मन मोह लिया। झांकियों में अघोरी झांकी ने सभी को रोमांचित किया। शोभायात्रा में भगवान गणेश जी और भगवान झूलेलाल जी की आरती का रथ, राधा किशन, शिव-पार्वती, सिंधुपति राजा दाहिरसेन, सिंधुपति राजा दाहिरसेन का किला, अमर बलिदानी हेमू कालानी सहित अनेक धार्मिक और सांस्कृतिक झांकियां आकर्षण का केन्द्र रहीं। शोभायात्रा में श्रद्धालु पारम्परिक वेशभूषा में नाचते-गाते हुए चल रहे थे।

लकी ड्रॉ में निकली एलईडी, वॉशिंग मशीन और फ्रिज
शोभायात्रा मार्ग में विभिन्न स्थानों पर स्वागत द्वार बनाए गए थे। व्यापार मंडलों के पदाधिकारियों ने श्रद्धालुओं को बिस्किट, शरबत, फल एवं सूखे मेवों का वितरण किया।
शोभायात्रा में सिंधी संस्कृति की जीवंत झलक देखने को मिली। शोभायात्रा बड़े धूमधाम से वरुण पथ स्थित पूज्य श्री झूलेलाल मंदिर से शुरू होकर किरण पथ, रजत पथ, हीरापथ,
वीटी रोड, पटेल मार्ग, विजय पथ, थड़ी मार्केट से होते हुए झूलेलाल चौक पर पहुंची।
वहां पर लकी ड्रॉ के जरिए एलईडी टीवी, वॉशिंग मशीन, फ्रिज, कूलर, प्रेस और सांत्वना पुरस्कार भी दिए गए। इनाम पाकर सभी लोग खुश हुए।
शोभायात्रा में विभिन्न प्रकार की झांकियों के साथ बैंड बाजे, सिन्धी शहनाई, बहिराणा साहिब और हाथी-घोड़े का लवाजमा भी शामिल था।

500 महिलाओं को मिले पुरस्कार
चेटीचंड सिंधी मेला समिति जयपुर ग्रेटर के अध्यक्ष जयप्रकाश बुलचंदानी ने बताया कि इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम, बच्चों की प्रश्नोत्तरी, फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता भी आयोजित की गई।
इसमें करीब 50 बच्चों को पुरस्कार भी दिए गए। इसके साथ ही महिलाओं को भी करीब 500 पुरस्कार वितरित किए गए।

शोभायात्रा की इन्होंने संभाली कमान
चेटीचंड सिंधी मेला समिति जयपुर ग्रेटर ने इस महोत्सव की पूरी कमान संभाली। समिति के मुख्य संरक्षक दादा सुन्दर ठाकुर, संतोष धीरवानी, मुख्य समन्वयक शंकर सेवानी,
श्याम कोरानी, अध्यक्ष जयप्रकाश बुलचंदानी, महासचिव रमेश मोटवानी, शोभायात्रा संयोजक गोपाल लालवानी, कार्यकारिणी अध्यक्ष महेश हरदासानी, कोषाध्यक्ष गोविन्द तीर्थानी और मीडिया
प्रभारी गौरव आहूजा ने शोभायात्रा की बागडोर संभाली।




